अनोखा तीर, हरदा। इस वर्ष केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ १ क्विं टल २० किलो मूंग खरीदी का निर्णय लिया है। इसको लेकर किसानों को मूंग का उचित मूल्य दिलाने की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय जेवल्या के नेतृत्व में सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान धर्मेंद्र पाल, भूपेंद्र तोमर, राहुल पूनिया, रवि मातवा और आर्यन पुनिया उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष विजय जेवल्या ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से हरदा जिले सहित पूरे मध्यप्रदेश में मूंग की उपज अच्छी हो रही है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का किसानों की आय दोगुनी करने का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान तत्कालीन कृषि मंत्री कमल पटेल के प्रयासों से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया गया था तथा उनके नेतृत्व में समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी शुरू हुई थी, जिससे किसानों, मजदूरों और व्यापारियों सभी को लाभ मिला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की प्रारंभिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, लेकिन खरीदी की मात्रा बहुत कम होने के कारण किसानों को अपनी उपज कृषि उपज मंडियों में समर्थन मूल्य से कम कीमत पर बेचना पड़ रहा है। इससे किसानों को प्रति क्विंटल लगभग 2000 से 3000 रुपये तक का आर्थिक नुकसान हो रहा है। जिले में इस वर्ष प्रति एकड़ लगभग 5 से 7 क्विंटल मूंग का उत्पादन हुआ है, जिसे समर्थन मूल्य पर पूरी तरह खरीदा जाना चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से भाजपा युवा मोर्चा एवं किसानों ने शासन से मांग की कि समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की मात्रा बढ़ाई जाए तथा खरीदी केंद्रों की संख्या में भी वृद्धि की जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
सरकार के निर्णय के खिलाफ जाकर भाजपा युवा मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन

0 Views




