अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार की एडीआईपी योजना के अंतर्गत हरदा जिले के पात्र दिव्यांगजनों को नि:शुल्क कैलिपर्स एवं कृत्रिम हाथ-पैर उपलब्ध कराने के लिए 1 से 3 जुलाई तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में एलिम्को कानपुर द्वारा अधिकृत एस.आर. ट्रस्ट रतलाम के माध्यम से मोबाइल वर्कशॉप में दिव्यांगजनों का मौके पर ही नाप लेकर उपकरण तैयार किए जाएंगे तथा शिविर स्थल पर ही उनका वितरण किया जाएगा। शिविरों में सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा कर्मचारियों की तैनाती कर लैपटॉप के माध्यम से मौके पर ही यूडीआईडी कार्ड बनाए जाएंगे। साथ ही आय प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था भी की गई है। उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग कमलेश सिंह ने बताया कि 1 जुलाई को जनपद पंचायत हरदा, 2 जुलाई को जनपद पंचायत टिमरनी तथा 3 जुलाई को जनपद पंचायत खिरकिया में शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, समग्र आईडी, फोटो एवं आय प्रमाण पत्र (मासिक आय 22 हजार रुपये से कम) साथ लाना अनिवार्य होगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत हरदा, टिमरनी एवं खिरकिया को शिविरों का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि नगर पालिका हरदा की सामाजिक सुरक्षा अधिकारी मोनिका यादव सहायक नोडल अधिकारी रहेंगी। जिला शिक्षा अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ियों में पंजीकृत दिव्यांग बच्चों की शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित करें। वहीं, ग्राम पंचायत सचिवों एवं वार्ड प्रभारियों को दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दिव्यांगजनों को नि:शुल्क कृत्रिम अंग मिलेंगे, 1 से 3 जुलाई तक लगेंगे शिविर

0 Views

