जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन पर होंगी विशेष ग्राम सभाएं

अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर 19 मार्च से प्रारंभ हुए जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन 30 जून 2026 को होगा। अभियान के दौरान प्रदेश में लगभग 3.62 लाख से अधिक कार्यों का क्रियान्वयन किया गया है, जिनमें ग्रामीण, नगरीय, वन, सिंचाई, शिक्षा, औद्योगिक तथा अन्य क्षेत्रों में जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन, जल गुणवत्ता परीक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, नदी पुनर्जीवन तथा जन-जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 का समापन जिले के प्रभारी मंत्रियों की उपस्थिति में समारोहपूर्वक किया जाएगा।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
अभियान के समापन अवसर पर प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया जाएगा तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों, उपलब्धियों एवं लाभान्वित परिवारों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। जन-सहभागिता, श्रमदान एवं नवाचार के माध्यम से उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, जलदूतों एवं सामुदायिक संगठनों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही जल संरक्षण, जल सुरक्षा, भू-जल संवर्धन तथा वर्षा जल संचयन की भावी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी और ग्राम स्तर पर आगामी वर्ष के लिए कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। आगामी 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाली ‘विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबीजी रामजी)Ó के विभिन्न आयामों एवं संभावित लाभों के संबंध में जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही अभियान के अंतर्गत निर्मित अथवा पूर्ण हुई महत्वपूर्ण जल संरचनाओं का जनप्रतिनिधियों द्वारा लोकार्पण कराया जाएगा।

0 Views

Leave a Reply