-सीएम हेल्पलाइन की अनदेखी पर कटेगी तनख्वा
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने नगर पालिकाओं को आवारा कुत्तों पर नियंत्रण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सार्वजनिक एवं रिहायशी क्षेत्रों से आवारा कुत्तों को अन्यत्र शिफ्ट किया जाए। सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आवारा कुत्तों से आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने बरसात को दृष्टिगत रखते हुए जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में नालों की सफाई भी कराई जाए। जिन स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनती है, वहां सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सूचना बोर्ड एवं बैरिकेडिंग लगाई जाए। कलेक्टर ने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को निर्देश दिए कि भविष्य में निर्मित होने वाली सड़कों में पानी की निकासी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में बीएसएनएल के एफटीटीएच इंटरनेट कनेक्शन लगाने के निर्देश भी दिए। इन कनेक्शनों के माध्यम से इंटरनेट के उपयोग के साथ किसानों को उर्वरक उपलब्धता के लिए ई-टोकन जैसी सुविधाएं भी मिल सकेंगी। उन्होंने इंटरनेट सुविधा से वंचित स्कूलों में भी एफटीटीएच कनेक्शन लगाने के निर्देश दिए, ताकि शिक्षकों की ई-अटेंडेंस एवं अन्य कार्यों में सुविधा मिल सके। बैठक में कलेक्टर ने जिले में अनुपयोगी सरकारी भवनों की जानकारी संकलित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे भवनों का उपयोग अन्य विभागीय कार्यों के लिए किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में बनने वाले सभी भवनों के लिए नगर पालिका की भवन निर्माण अनुमति अनिवार्य होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के बनाए जा रहे भवनों को नोटिस देकर हटाने की कार्रवाई की जाए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने कहा कि एल-1 स्तर पर शिकायतों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों का वेतन काटा जाए। बैठक में अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई तथा राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की जानकारी भी ली गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
आवारा कुत्तों को रिहायशी क्षेत्रों से हटाएं

0 Views



