समिति की साधारण सभा में विद्यालय विकास के विभिन्न बिंदुओं पर हुई चर्चा

अनोखा तीर, हरदा। हरदा नगर बाल विकास समिति, हरदा की साधारण सभा संपन्न हुई, जिसमें समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण शामिल हुए। बैठक का शुभारंभ विद्या दायिनी मां सरस्वती, प्रणवाक्षर ऊं एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया। अतिथि परिचय के उपरांत कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल एवं सहसचिव विकास मिश्रा ने मंचासीन अतिथियों का तिलक लगाकर अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। सीबीएसई विद्यालय के प्राचार्य देवानंद सोनार ने हमारा लक्ष्य का वाचन किया। साधारण सभा की कार्यवाही प्रारंभ करने से पूर्व विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के सह प्रांत प्रमुख दीपक चंदेवा के पूज्य पिताजी रामभाऊ चंदेवा, समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं शिक्षाविद् डॉ. गोविन्द रमानी, विद्यालय के छात्र दर्शन विश्नोई तथा पूर्व कार्यकर्ता भागवत (गोलू) धनगर सहित दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके पश्चात समिति के सचिव संदीप केकरे ने वार्षिक प्रतिवेदन का वाचन करते हुए विद्यालय के विकास कार्यों, उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण तथा वर्ष 2026-27 के लिए अर्थ-संकल्प (बजट) प्रस्तुत किया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए। साधारण सभा में छात्र संख्या वृद्धि, शुल्क संरचना, वेतनमान, शैक्षिक गुणवत्ता, परीक्षा परिणाम, संस्कार केंद्र, संसाधन विकास एवं निर्माण कार्य सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साधारण सभा में प्रतिष्ठान प्रतिनिधि के रूप में नर्मदापुरम् विभाग के विभाग समन्वयक सौरभ उपाध्याय, समिति अध्यक्ष आलोक जैन, सचिव एवं जिला प्रतिनिधि संदीप केकरे, पूर्व अध्यक्ष जगदीश टांक, बनवारी लाल यादव, सुनील सहस्त्रबुद्धे, अजय तंवर, मगनलाल धनगर, मालिनी विपट, निगम वाजपेयी, विभूति गौर, विक्रमादित्य टांक, निखिल धनगर, योगेश पटेल, सीए रवि अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। शांति मंत्र के पश्चात समिति अध्यक्ष आलोक जैन ने उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।

0 Views

Leave a Reply