अनोखा तीर, मसनगांव। मसनगांव-सिराली मार्ग के तिराहे पर डंपर की टक्कर से तिरछा हुआ बिजली का खंभा पिछले एक माह से हादसे को खुला निमंत्रण दे रहा है, लेकिन विद्युत वितरण कंपनी अब तक इसे बदल नहीं सकी है। खंभा झुकने से 11 केवी और एलटी लाइन के तार सड़क के ऊपर खतरनाक तरीके से झूल रहे हैं। इसके बावजूद विभाग केवल कागजी कार्रवाई का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचता नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक माह पहले सक्तापुर से हरदा की ओर जा रहे डंपर ने साइड में खड़े करते समय बिजली के खंभे को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद खंभा तिरछा हो गया और बिजली के तार नीचे लटक गए। शिकायत पर विभाग ने केवल सुरक्षा जाली हटाकर औपचारिकता पूरी कर दी, लेकिन आज तक न तो खंभा बदला गया और न ही तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर किया गया। ग्रामीण राजा पाटिल और सरवन पाटिल ने बताया कि यह क्षेत्र का व्यस्त मार्ग है, जहां से प्रतिदिन भारी और ऊंचे वाहन गुजरते हैं। झूलते तार किसी भी समय किसी वाहन की चपेट में आ सकते हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। इसके बावजूद विभाग की सुस्ती लोगों की चिंता बढ़ा रही है। बताया जाता है कि डंपर चालक के खिलाफ मसनगांव डीसी के कनिष्ठ अभियंता संदीप डूडी ने हरदा सिविल लाइन थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का असर अब बिजली व्यवस्था पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब खतरा आम लोगों की जान पर मंडरा रहा है तो विभाग तत्काल खंभा बदलने के बजाय स्वीकृति का इंतजार क्यों कर रहा है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
मसनगांव डीसी के कनिष्ठ अभियंता संदीप डूडी ने बताया कि क्षतिग्रस्त खंभे को बदलने के लिए एस्टीमेट बनाकर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही नया खंभा स्थापित कर दिया जाएगा।
डंपर की टक्कर से तिरछा हुआ बिजली का खंभा, दुर्घटना का अंदेशा

0 Views



