द्वारका धाम के लिए रवाना हुए 150 से अधिक श्रद्धालु, जयघोषों के बीच भावभीनी विदाई

अनोखा तीर, हरदा। श्री खेड़ापति भागवत समिति के तत्वावधान में रविवार को हरदा आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत केंद्र बन गया, जब 150 से अधिक श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी द्वारका धाम के लिए रवाना हुए। हरदा रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही श्रद्धालुओं, उनके परिजनों और धर्मप्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा स्टेशन जय श्रीकृष्ण, राधे-राधे और हर-हर महादेव के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर एवं पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया, वहीं परिजनों ने मंगलकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी। स्टेशन का दृश्य किसी धार्मिक उत्सव से कम नहीं था। इस आध्यात्मिक यात्रा की सबसे विशेष बात यह रही कि इसमें छोटे-छोटे बच्चों से लेकर 80 वर्ष तक के बुजुर्ग श्रद्धालु पूरे उत्साह और अटूट श्रद्धा के साथ शामिल हुए। बच्चों के चेहरों पर द्वारकाधीश के दर्शन का उत्साह साफ झलक रहा था, वहीं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की आंखों में वर्षों की मनोकामना पूर्ण होने की खुशी दिखाई दे रही थी। आस्था का यह अनूठा संगम हर किसी का मन मोह रहा था। इस यात्रा में हरदा के अलावा अकोला, इटारसी, भोपाल, इंदौर, बड़वानी, भेरूंदा, गुजरात के सूरत तथा मुंबई सहित विभिन्न शहरों से श्रद्धालु शामिल हुए। सभी श्रद्धालु हरदा से इटारसी जंक्शन के लिए रवाना हुए, जहां से उन्होंने द्वारका धाम की पावन यात्रा प्रारंभ की। यात्रा के दौरान 30 जून से 6 जुलाई 26 तक द्वारका में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन होगा। कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित विद्याधर उपाध्याय करेंगे। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, धर्म और जीवन मूल्यों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। कथा का आयोजन रामे-राम धर्मशाला, गोमती रोड, मंदिर के पीछे, द्वारका में होगा। कथा के साथ प्रतिदिन भजन-कीर्तन, पूजन-अर्चन एवं संकीर्तन का आयोजन होगा। श्रद्धालु भगवान द्वारकाधीश के दर्शन के साथ सोमनाथ महादेव एवं नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन का भी पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समिति द्वारा की गई हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुखद एवं यादगार बन सके। सूरज शारदे ने बताया कि श्री खेड़ापति भागवत समिति वर्षों से धार्मिक यात्राओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थों के दर्शन कराती आ रही है। द्वारका धाम यात्रा एवं सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा को लेकर इस वर्ष श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक तीर्थयात्रा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कारों को सशक्त बनाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता और उत्साह को देखते हुए यह आयोजन एक यादगार आध्यात्मिक पर्व बनने जा रहा है।

0 Views

Leave a Reply