5 जुलाई तक पूरा होगा असाक्षरों के चिन्हांकन का सर्वे कार्य

अनोखा तीर, हरदा। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को गति देने के उद्देश्य से जनशिक्षा केंद्र मसानगांव में संस्था प्रमुखों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में असाक्षरों के चिन्हांकन कार्य की समीक्षा करते हुए तय किया गया कि 5 जुलाई तक लक्ष्य के अनुरूप सर्वे कार्य हर हाल में पूरा किया जाएगा। बैठक में प्रभारी प्राचार्य लुनिया, जिला सह समन्वयक मुकेश शर्मा, जनशिक्षक गौरीशंकर जाबरिया एवं देवेश्वर जाटव मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान सामने आया कि सुल्तानपुर, रोलगांव, कमताड़ा और कड़ोला उबारी सहित कुछ ग्रामों में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले असाक्षरों का चिन्हांकन अपेक्षाकृत कम हुआ है। जिला सह समन्वयक ने संस्था प्रमुखों को निर्देश दिए कि महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग, जन अभियान परिषद, स्व-सहायता समूहों और छात्र-छात्राओं के सहयोग से चिन्हांकन अभियान को तेज किया जाए। साथ ही जिला स्तर से संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी इस कार्य में सहयोग के लिए पत्र जारी किए गए हैं। बैठक में मसानगांव, पलासनेर एवं नीमगांव के विद्यालयों के नोडल अधिकारियों को अक्षर साथी योजना की जानकारी दी गई। इसके तहत प्रत्येक छात्र दो असाक्षरों का चिन्हांकन करेगा, जिसके लिए उसे प्रोजेक्ट अंक भी दिए जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया की नियमित समीक्षा जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा की जाएगी। इसके अलावा पलासनेर और कड़ोला उबारी में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षकों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित कर अभियान को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में साक्षरता अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

0 Views

Leave a Reply