पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, तीन मासूम बच्चे हुए बेसहारा

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया था। शनिवार सुबह ग्राम रामपुरा में एक किसान के खेत पर 35 वर्षीय सेवंती बाई का शव मिला। पुलिस जांच में उसके पति बंशीलाल कोरकू को ही हत्या का आरोपी पाया गया। पुलिस के अनुसार सेवंती बाई ग्राम घोड़ापाठ की निवासी थी जो अपने पति तथा बच्चों के साथ रामपुरा में मजदूरी करती थी। उसका शव उसकी टपरी के बाहर खटिया पर मिला। महिला के बच्चों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात उनकी मां को कोई व्यक्ति बाइक से छोड़कर गया था। सूचना मिलने पर पुलिस एवं एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि शुक्रवार रात आरोपी बंशीलाल कोरकू के घर मेहमान आए थे। इस दौरान उसकी पत्नी सेवंती ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी पत्नी के लगातार शराब पीने से परेशान था। इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान बंशीलाल ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजा
शनिवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने पति बंशीलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस घटना के कारण मृतिका सेवंती के तीन मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। मां की मौत और पिता के जेल जाने के बाद बच्चों के सामने पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल तीनों भाई-बहनों को मृतका की सबसे बड़ी बेटी, जो विवाहित है, ने सहारा दिया है।

0 Views

Leave a Reply