अनोखा तीर, हरदा। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर प्रताप सिटी कॉलोनी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर हरदा नरेश में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सुबह से देर रात्रि तक बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। बांस की आकर्षक टोकरियों, रंग-बिरंगे पुष्पों एवं विशेष विद्युत सज्जा से सजा श्याम दरबार भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मंदिर के पुजारी पंडित नरेंद्र पुरोहित एवं सेवकों ने बताया कि विशेष श्रृंगार एवं सजावट की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। बुधवार देर रात तक सेवकों ने अथक परिश्रम कर मंदिर को भव्य स्वरूप प्रदान किया। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में निशान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। संध्या समय आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। दीपों की जगमगाहट, श्याम भजनों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। रात्रि तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही और दर्शन, पूजन एवं प्रसादी वितरण का क्रम देर रात तक चलता रहा। एकादशी के अवसर पर मंदिर में अखंड ज्योत भी प्रज्ज्वलित की गई, जिसके दर्शन कर श्रद्धालुओं ने परिवार, समाज एवं राष्ट्र की उन्नति की कामना की। महाआरती के पश्चात प्रसादी वितरण किया गया। मंदिर समिति ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सेवकों, दानदाताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर श्याम भजनों और जयकारों से गुंजायमान रहा तथा भक्तों ने बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त कर सुख-समृद्धि की कामना की।
निर्जला एकादशी पर अलौकिक श्याम दरबार के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0 Views




