हरदा में मोटराइज्ड ट्राई साइकिलों का नि:शुल्क मरम्मत शिविर आयोजित

अनोखा तीर, हरदा। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा भारत सरकार की एडीआईपी योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को पूर्व में प्रदान की गई बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्राई साइकिलों के रखरखाव एवं मरम्मत के लिए जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, हरदा में दो दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। उपसंचालक कमलेश सिंह ने बताया कि 25 जून 2026 को एलिम्को, जबलपुर से आए तकनीशियन मोहम्मद हामीद खान एवं सुनील ठाकुर द्वारा कुल 15 मोटराइज्ड ट्राई साइकिलों का परीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य किया गया। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों की ट्राई साइकिलों की तकनीकी समस्याओं का निराकरण होने से उनमें विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली। उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन 26 जून को भी जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, हरदा में जारी रहेगा। ऐसे दिव्यांगजन, जिनकी मोटराइज्ड ट्राई साइकिलों में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या है अथवा मरम्मत की आवश्यकता है, वे अपनी ट्राई साइकिल लेकर शिविर में उपस्थित होकर नि:शुल्क परीक्षण एवं मरम्मत सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। सामाजिक न्याय विभाग ने जिले के समस्त पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी ट्राई साइकिलों की जांच एवं आवश्यक मरम्मत अवश्य कराएं, जिससे उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

0 Views

Leave a Reply