देवालयों की स्वच्छता से जागृत होगी आस्था और संस्कार

अनोखा तीर, हरदा। परशुराम कल्याण बोर्ड मध्यप्रदेश के आह्वान पर जिले में देवालय स्वच्छता अभियान के तहत खेतवाली माता मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला अध्यक्ष आचार्य ओमप्रकाश पुरोहित ने किया। इस दौरान मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर श्रद्धालुओं को स्वच्छता, सेवा और संस्कार का संदेश दिया गया। आचार्य ओमप्रकाश पुरोहित ने कहा कि स्वच्छ देवालय केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक हैं। मंदिरों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण में की गई पूजा-अर्चना मन को शांति प्रदान करती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। अभियान के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समाजजनों ने मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही आमजन से भी धार्मिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई में सहयोग करने की अपील की गई। सभी ने स्वच्छ मंदिर, स्वच्छ समाज और स्वच्छ राष्ट्र के निर्माण का संदेश दिया। परशुराम कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण, धार्मिक जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत कर रहा है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जहां स्वच्छता होती है, वहीं देवत्व का वास होता है। धार्मिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ा यह प्रेरणादायी अभियान क्षेत्र में सराहना का विषय बना हुआ है तथा अन्य सामाजिक संगठनों को भी जनहित और धर्महित में आगे आने के लिए प्रेरित कर रहा है।

0 Views

Leave a Reply