तीन दिन बंद रहेगी हरदा कृषि उपज मंडी, किसान न लाएं उपज

अनोखा तीर, हरदा। हरदा कृषि उपज मंडी 26 से 28 जून तक लगातार तीन दिनों के लिए बंद रहेगी। इस अवधि के दौरान किसानों की उपज की नीलामी नहीं की जाएगी। मंडी प्रशासन ने किसानों से इन दिनों में उपज लेकर मंडी नहीं आने की अपील की है। इससे पहले सरकार द्वारा टैक्स बढ़ाने के विरोध में मंगलवार को मंडी बंद रही थी, जबकि बुधवार को मंडी में पुन: कारोबार शुरू हुआ। बुधवार को हरदा मंडी में करीब 18 हजार क्विंटल उपज की आवक दर्ज की गई। आदर्श कृषि उपज मंडी के सचिव हरनारायण भिलाला ने बताया कि तीन दिवसीय अवकाश के अलग-अलग कारण हैं। 26 जून को मोहर्रम के कारण शासकीय अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि 27 जून को माह का चौथा शनिवार होने से बैंक बंद रहेंगे, जिसके कारण मंडियों में नीलामी कार्य नहीं हो सकेगा। वहीं 28 जून को रविवार का साप्ताहिक शासकीय अवकाश रहेगा। सचिव ने किसानों से आग्रह किया है कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए वे 26 से 28 जून तक अपनी उपज मंडी में लेकर न आएं। इससे किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकेगा।

2 Views

Leave a Reply