सशक्त वाहिनी कक्षा के नवीन बैच के लिए करें आवेदन

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिला हरदा में बालिकाओं को सशक्त बनाने की एक नई पहल शुरू की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल गृह भवन, बायपास चौराहा, हरदा में नि:शुल्क ‘महिला सशक्त वाहिनी कक्षा का संचालन किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी विवेक शर्मा ने बताया कि इन कक्षाओं का उद्देश्य 12वीं उत्तीर्ण बालिकाओं को पुलिस भर्ती एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। इन कक्षाओं का संचालन सोमवार से शुक्रवार सुबह 8 बजे से 11 बजे तक नियमित रूप से किया जाएगा। इनमें गणित, सामान्य विज्ञान एवं बुद्धि परीक्षण जैसे विषयों के प्रश्नों का विशेष अभ्यास भी कराया जाएगा। विभाग द्वारा ‘सशक्त वाहिनी कक्षा के नवीन बैच के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक प्रतिभागी, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो तथा जिन्होंने कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की हो, वे सोमवार से शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अपना आवेदन कार्यालय परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय, कक्ष 61, प्रथम तल, हरदा में जमा कर सकती हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, कक्षा 12वीं की अंकसूची एवं पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जिले की अधिक से अधिक बालिकाओं से इस नि:शुल्क कोचिंग का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

0 Views

Leave a Reply