-स्वरोजगार योजनाओं में स्वीकृति के लिए अधिकारी बैंकर्स से नियमित फॉलोअप लें : कलेक्टर
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के प्रकरणों की स्वीकृति में अधिकारियों एवं बैंकर्स के बीच बेहतर समन्वय दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित एसबीआई आरसेटी की स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक में स्वरोजगार योजनाओं के प्रकरणों की स्वीकृति की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने शासन द्वारा विभिन्न विभागों में संचालित स्वरोजगार योजनाओं के तहत प्राप्त लक्ष्यों एवं उनके विरुद्ध प्रस्तुत किए गए प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वरोजगार योजनाओं में प्रकरणों की शीघ्र स्वीकृति के लिए बैंकर्स से नियमित रूप से फॉलोअप किया जाए, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।





