बारिश के बाद खेतों में बढ़ी रौनक, किसानों ने शुरू की खरीफ फसलों की बोनी

अनोखा तीर, सोडलपुर। क्षेत्र में मंगलवार शाम को हुई जोरदार बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। मौसम अनुकूल होते ही बुधवार को सोडलपुर सहित आसपास के गांवों में किसानों ने दिनभर खेतों में खरीफ फसलों की बोनी का कार्य किया। किसानों ने सोयाबीन, मक्का एवं धान की बुवाई में तेजी दिखाई। किसानों का कहना है कि बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे बोनी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। यदि आगामी दिनों में हल्की बारिश और हो जाती है तो फसलों का अंकुरण बेहतर होगा तथा उत्पादन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। किसान रामकृष्ण रायखेरे एवं कमल सोलंकी ने बताया कि खरीफ सीजन की बोनी का समय आ चुका है और समय पर बारिश होने से किसानों को राहत मिली है। कई किसानों ने पहले ही सूखी जमीन में मक्का एवं धान की बोनी कर दी थी तथा स्प्रिंकलर के माध्यम से सिंचाई भी की थी, जिससे फसल का अंकुरण शुरू हो गया है। अब बारिश होने से फसलों को और अधिक लाभ मिलेगा। क्षेत्र में मौसम की सक्रियता बढ़ने के साथ ही खेतों में ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों की आवाजाही भी तेज हो गई है। किसान समय पर बोनी कर बेहतर उत्पादन की उम्मीद लगाए हुए हैं।

0 Views

Leave a Reply