मानसून की पहली बारिश से तरबतर हुआ अंचल

-झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले, खरीफ फसलों की बुवाई को मिलेगी रफ्तार

अनोखा तीर, मसनगांव। जिस मानसून का क्षेत्र के किसान बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उसने बुधवार को आखिरकार अंचल में दस्तक दे दी। सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और दिनभर मौसम में बदलाव का दौर चलता रहा। शाम होते-होते मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से पूरा क्षेत्र तरबतर हो गया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। क्षेत्र में मानसून का आगमन सामान्य से लगभग दस दिन देरी से माना जा रहा है। मानसून की देरी के कारण किसान खरीफ सीजन की बुवाई को लेकर चिंतित थे, लेकिन पहली अच्छी बारिश ने उनकी उम्मीदों को नई ऊर्जा दी है। बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनने लगी है, जिससे बुवाई कार्य के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो गई हैं। बारिश के दौरान गांव और आसपास के क्षेत्रों की सड़कों पर पानी बहता नजर आया। खेतों में भी पानी भरने से किसानों ने राहत की सांस ली। कई किसान पहले से ही खेतों की जुताई और तैयारी कर चुके थे तथा बारिश का इंतजार कर रहे थे। अब मौसम साफ होने के साथ ही बुवाई कार्य तेज होने की संभावना है। ग्राम के किसान राकेश पाटिल ने बताया कि इस वर्ष मानसून देर से सक्रिय हुआ है, लेकिन इसकी शुरुआत अच्छी रही है। शाम के समय हुई तेज बारिश से खेतों में नमी आ गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई शुरू करने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश किसान सोयाबीन, उड़द, धान और मक्का की बुवाई करेंगे। इसके अलावा कुछ प्रगतिशील किसान इस बार चिया सीड्स की खेती का प्रयोग करने की तैयारी कर रहे हैं। कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि आगामी दिनों में नियमित रूप से बारिश होती रही तो खरीफ फसलों की बुवाई समय पर पूरी हो सकेगी और फसलों की अच्छी वृद्धि के लिए अनुकूल वातावरण बनेगा। मानसून की पहली जोरदार बारिश ने किसानों के साथ-साथ आम लोगों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी है। अब सभी की निगाहें आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी हुई हैं।

0 Views

Leave a Reply