अनोखा तीर, हरदा। हरदा के सिरकम्बा में मंगलवार रात एक 15 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नाबालिग अपने पिता और चाचा के साथ बैठकर टीवी देख रहा था। इसी दौरान वह अचानक उठा और घर के दूसरे कमरे में चला गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने जाकर देखा। वहां मोक्ष ने कमरे में बाहर निकले हुए एक सरिए में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक की पहचान शेरसिंह राजपूत के 15 वर्षीय पुत्र मोक्ष राजपूत के रूप में हुई है। घटना के समय मोक्ष की मां और परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। गांव में ही उनके एक रिश्तेदार तीर्थ यात्रा से लौटकर आए थे, जिसके चलते परिवार के सदस्य वहां मेवा और प्रसाद बांटने के लिए गए हुए थे। मोक्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है, जिसने हाल ही में 8वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 9वीं कक्षा में प्रवेश लिया है। आत्महत्या के कारणों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। बुधवार सुबह पुलिस ने टिमरनी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस किशोर के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
15 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

0 Views




