जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न

-लापरवाही पर सहायक कार्यक्रम प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस
-टिमरनी के लैब टेक्नीशियन का 15 दिन का वेतन कटेगा

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। हरदा शहरी क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सहायक कार्यक्रम प्रबंधक मदन मोहन मालवीय को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों एवं शहरी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में एक भी गर्भवती महिला का पंजीयन छूटना नहीं चाहिए। सभी संस्था प्रमुख इस आशय का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करें कि उनके क्षेत्र में कोई भी गर्भवती महिला पंजीयन से वंचित नहीं है। गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन गर्भवती महिलाओं की समग्र आईडी नहीं बनी है, उनकी सूची मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को भेजी जाए, ताकि तत्काल समग्र आईडी बनाई जा सके। इससे प्रसव उपरांत सभी पात्र महिलाओं को समय पर भुगतान मिल सकेगा। सभी गर्भवती महिलाओं की ई-केवाईसी कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने सभी विकासखंड अधिकारियों को अनमोल पोर्टल प्रतिदिन खोलने, एक्स-रे कार्यों में गति लाने तथा टीबी मरीजों की नियमित रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए। वर्तमान में टीबी की शून्य रिपोर्टिंग पर उन्होंने नाराजगी जताई। एनआरसी में अधिक से अधिक कुपोषित बच्चों को भर्ती करने तथा मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु के मामलों की गहन समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। विकासखंड टिमरनी में लैब टेक्नीशियन द्वारा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ऑपरेटर को नोटिस जारी कर 15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। आरबीएसके कार्यक्रम के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यक्रम नोडल अधिकारी सहित सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply