-अनाथ बच्चों की शिक्षा में करेंगे मदद
अनोखा तीर, हरदा। कर सलाहकार एवं साहित्यकार डॉ. शिरीष अग्रवाल ने अपने जन्मदिवस पर आशीर्वाद से जनकल्याण अभियान शुरू करने का संकल्प लिया है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर हरदा को पत्र लिखकर मार्गदर्शन मांगा है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जनहितकारी विषयों पर जागरूकता फैलाना है। भविष्य में इन माध्यमों से होने वाली आय का एक निश्चित हिस्सा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यों में लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान के तहत वे समाज से कोई चंदा या दान नहीं लेंगे। नागरिकों से केवल डिजिटल मंचों से जुड़कर जनहितकारी सामग्री को आगे बढ़ाने का आग्रह किया है। अभियान की पहली कड़ी के रूप में डॉ. अग्रवाल एक जरूरतमंद बालिका की शिक्षा में आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि जिला प्रशासन, बाल संरक्षण इकाई या महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से ऐसे अनाथ एवं निराश्रित बच्चों की पहचान कराई जाए जिनके माता-पिता नहीं हैं, ताकि उन तक मदद पहुंचाई जा सके। डॉ.अग्रवाल ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज से मिले सम्मान और आशीर्वाद को समाज के सबसे जरूरतमंद बच्चों तक लौटाना है।





