-समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी
अनोखा तीर, हरदा। सिराली थाना क्षेत्र की एक विवाहित महिला पिछले 15 दिनों से लापता है। महिला के पति और समाज के सदस्यों ने थाना प्रभारी सीताराम पटेल को ज्ञापन सौंपकर महिला की शीघ्र तलाश करने की मांग की है। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी है। फरियादी अनिल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी सुनीता अपने मायके ढोलगांव खुर्द आई थी और 30 मई से लापता है। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। अनिल का आरोप है कि थाने में सूचना देने के बावजूद 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस महिला का पता लगाने में सफल नहीं हो सकी है। उन्होंने पुलिस को उस युवक का नाम भी बताया है, जिस पर उन्हें महिला को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का संदेह है। उनका आरोप है कि पुलिस ने न तो संदिग्ध युवक को पकड़ा और न ही महिला का सुराग लगा सकी है। कुशवाह समाज के सदस्यों ने भी मामले को लेकर आक्रोश व्यक्त किया है। समाज की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि यदि महिला की शीघ्र बरामदगी नहीं होती है तो समाज बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस संबंध में थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि महिला की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लापता महिला और जिस युवक पर उसे साथ ले जाने का संदेह है, दोनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। लोकेशन मिलते ही आवश्यक कार्रवाई कर महिला को बरामद किया जाएगा।





