Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

जिले में तीन दिवसीय जनकल्याणकारी शिविर आज से

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 12 जून से तीन दिवसीय जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर 12 से 18 जून तक जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर यह विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी, वीबी-जी-रामजी सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
हरदा में 12 से 14 जून तक शिविर
जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर परिषद कार्यालय हरदा में 12 से 14 जून तक प्रतिदिन प्रात: 10.30 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर आयोजित होंगे। विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर योजनाओं की जानकारी देंगे तथा आवेदन प्राप्त करेंगे।
खिरकिया में 15 से 17 जून तक शिविर
नगर परिषद कार्यालय खिरकिया में 15 से 17 जून तक तीन दिवसीय जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सामाजिक न्याय, ऊर्जा, नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
टिमरनी में 16 से 18 जून तक शिविर
नगर परिषद कार्यालय टिमरनी में 16 से 18 जून तक जनकल्याणकारी शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, जनजातीय कार्य, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
प्रदर्शनी और विभिन्न गतिविधियां भी होंगी
शिविरों में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विकास एवं प्रगति से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही सफलता की कहानियां, चित्रकला प्रतियोगिता, लाभार्थियों के अनुभव साझा करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मैदानी अमले के सहयोग से पात्र हितग्राहियों को शिविरों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले का कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

6 Views
What do you think?

Leave a Reply