-80 प्रतिशत आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
अनोखा तीर, हरदा। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को ग्राम कायदा में ‘सांझ चौपालÓ का आयोजन किया गया। चौपाल में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सरपंच मालती सिलारे, पुलिस अधीक्षक शशांक, वनमंडलाधिकारी ज्योति मुड़िया, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, एसडीएम टिमरनी संजीव कुमार नागू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
200 आवेदनों में से 80 प्रतिशत का हुआ समाधान
चौपाल में राजस्व, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग 200 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 80 प्रतिशत आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि शेष आवेदनों की जानकारी भी सचिव के माध्यम से संबंधित ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी। ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन देकर गांव के जीर्ण-शीर्ण आंगनबाड़ी भवन के स्थान पर नया भवन बनाए जाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के डीपीओ राजा रंगारे को नए भवन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। वहीं रामेश्वर ने विद्युत सब स्टेशन निर्माण कार्य की धीमी गति की शिकायत की, जिस पर उपमहाप्रबंधक को कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने चंद्रखाल के पास पुलिया निर्माण की मांग भी रखी। इस पर कलेक्टर ने बताया कि निर्माण कार्य की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। सतीश इवने ने बैंकिंग सुविधा की समस्या बताते हुए राजाबरारी क्षेत्र में बैंक सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने एलडीएम को मामले का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं गांव में देशी एवं अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक शशांक ने संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक शशांक ने चौपाल में ग्रामीणों को साइबर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ओटीपी, केवाईसी और फर्जी लिंक के माध्यम से धोखाधड़ी के मामले बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। उन्होंने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
योजनाओं की जानकारी और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
चौपाल में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई और आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
सांझ चौपाल में कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

0 Views


