Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

नर्मदा में नहाने गया युवक डूबा, 20 मिनट में शव बरामद

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा/भैरुंदा। गुरूवार को छीपानेर स्थित निंबार्क आश्रम स्नान घाट पर सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चाचा के साथ नहाने आया 21 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से महज 20 मिनट के अंदर युवक को पानी से बाहर निकाल लिया गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार मृतक अमन पिता संतोष गौर 21 वर्ष निवासी हनुमान मोहल्ला वार्ड क्रमांक 6 टिमरनी जिला हरदा। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अपने चाचा गोलू और अन्य परिजनों के साथ नर्मदा स्नान के लिए छीपानेर घाट पहुंचा था। परिवार के सदस्य निंबार्क आश्रम के स्नान घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अमन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। चाचा और अन्य लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण वह कुछ ही पलों में नजरों से ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल थाना गोपालपुर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस की सक्रियता के चलते करीब 20 मिनट के अंदर ही युवक को पानी से बाहर निकाल लिया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माहौल गमगीन हो गया और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध नजर आया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घाटों पर बरतें सावधानी, बड़ रहा लगातार खतरा
नर्मदा के विभिन्न घाटों पर इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। गहराई का सही अंदाजा न होने और लापरवाही के कारण लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। प्रशासन द्वारा बार-बार सावधानी बरतने की अपील के बावजूद लोग जोखिम उठाते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों ने घाटों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड बढ़ाने की मांग की है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply