अनोखा तीर, हरदा। छीपाबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुहाल के पास निर्माणाधीन हरदा-खंडवा हाईवे पर बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति और एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सड़क निर्माण कार्य में लगे रोड रोलर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान सक्तापुर निवासी दिनेश चौधरी (55) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में संजय गुर्जर (40) और उनका चार वर्षीय भतीजा शिवांश गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवांश की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार संजय गुर्जर खिरकिया में गेहूं की फसल बेचने के बाद बैंक से राशि निकालकर गांव लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर दिनेश चौधरी और बालक शिवांश भी सवार थे। तीनों निर्माणाधीन हरदा-खंडवा हाईवे पर सूर्योदय स्कूल के पास पहुंचे, जहां सड़क मरम्मत का कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के कारण उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे रोक दी थी। इसी दौरान रोड रोलर चालक ने कथित रूप से बिना पीछे देखे वाहन चलाया और पीछे खड़ी बाइक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दिनेश चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय और शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद रोड रोलर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने रोड रोलर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। दिनेश चौधरी पेशे से किसान थे। उनके परिवार में एक पुत्र है। बताया गया है कि वह गांव के संजय गुर्जर के साथ किसी कार्य से खिरकिया गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
निर्माणाधीन हाईवे पर रोड रोलर की चपेट में आने से किसान की मौत, ताऊ-भतीजा घायल

2 Views


