Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

बायोमास प्लांट में भीषण आग, लाखों का नुकसान

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम सोडलपुर स्थित एक बायोमास प्लांट में गुरुवार को भीषण आग लगने से तीन मशीनें एवं बड़ी मात्रा में रखा कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया। आग पर देर शाम तक पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्लांट संचालक निखिल पटेल ने बताया कि प्लांट में खेतों से निकलने वाले भूसे एवं मक्का के अवशेषों से कोयला तैयार किया जाता है। इस कार्य के लिए तीन मशीनें स्थापित थीं। आग लगने से मशीनों के साथ कोयला निर्माण के लिए रखा गया वेस्ट मटेरियल भी जलकर खाक हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही नगर परिषद टिमरनी की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन पानी समाप्त होने के बाद वापस लौट गई। इसके बाद हरदा से फायर ब्रिगेड बुलाई गई। ग्राम पंचायत के टैंकरों एवं हरदा से पहुंची दमकल की सहायता से आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया गया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि मूंग की फसल के अवशेष में लगी आग की चिंगारी प्लांट तक पहुंचने से यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेत में पराली जलाने के दौरान आग अनियंत्रित होकर प्लांट तक फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम टिमरनी संजीव कुमार नागू मौके पर पहुंचे। उन्होंने पटवारी को नुकसान का आकलन कर पंचनामा तैयार करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि वास्तविक नुकसान का आंकलन पटवारी, आरआई एवं तहसीलदार की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्लांट संचालक निखिल पटेल ने बताया कि आग से लगभग 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एसडीएम संजीव कुमार नागू ने बताया कि फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर नियंत्रण का प्रयास किया गया तथा नुकसान का अंतिम आंकलन राजस्व अमले की रिपोर्ट मिलने के बाद किया जाएगा।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply