Skip to content
Friday, 16 October 2026
मध्य प्रदेश हरदा

कागजों पर मरा व्यक्ति पहुंचा कलेक्टर से न्याय मांगने

2 min read
Text Size:

-संबल पोर्टल पर जिंदा व्यक्ति को बता दिया मृत, पांच माह से भटक रहा

अनोखा तीर, हरदा। जिले की टिमरनी तहसील के ग्राम अहलवाड़ा निवासी 58 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग करणसिंह पिता सीताराम सावनेर को सरकारी पोर्टल पर मृत दर्ज किए जाने के कारण संबल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। समस्या के समाधान के लिए वे पिछले कई महीनों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। परेशान होकर मंगलवार को वे अपने बेटे मोहनसिंह के साथ कलेक्टर के पास शिकायत लेकर पहुंचे। करणसिंह ने बताया कि वे जीवित हैं, लेकिन पोर्टल पर उन्हें मृत दर्शाया गया है। उन्होंने शासन की योजना का लाभ दिलाने और पोर्टल में दर्ज त्रुटि को शीघ्र सुधारने की मांग की है। करणसिंह के अनुसार करीब एक वर्ष पहले उनके पैर के पंजे में फोड़ा हो गया था। शुगर की बीमारी के कारण घाव ठीक नहीं हुआ, जिसके चलते जिला अस्पताल में उनका पैर काटना पड़ा। बाद में उन्होंने कृत्रिम पैर लगवाया। इसके बाद उन्होंने करीब सात माह पहले जनपद पंचायत टिमरनी में संबल योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका नाम पोर्टल पर दर्ज नहीं हो सका। जांच करने पर पता चला कि पोर्टल पर उन्हें मृत बताया गया है। उन्होंने बताया कि तब से वे लगातार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक पोर्टल में सुधार नहीं हो पाया है। करणसिंह का कहना है कि अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि संबल योजना का लाभ 60 वर्ष की आयु तक ही मिलता है। वर्तमान में उनकी उम्र 58 वर्ष है, ऐसे में यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित रह सकते हैं। इस संबंध में श्रम विभाग के सहायक श्रम अधिकारी मनीष चौरसिया ने बताया कि करणसिंह सावनेर द्वारा संबल पोर्टल पर अपंगता संबंधी आवेदन दर्ज नहीं होने की शिकायत की गई है। जिसे तत्काल दूर कर दिया गया है। उक्त व्यक्ति का पोर्टल पर नाम दर्ज हो गया है। शीघ्र ही व्यक्ति को सहायता प्राप्त हो जाएगी।
————————–

0 Views
What do you think?

Leave a Reply