Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

पहली बारिश में खुली बिजली विभाग के मेंटेनेंस की पोल

2 min read
Text Size:

-घंटों ब्लैकआउट से जनता परेशान

अनोखा तीर, हरदा। जिले में हुई पहली तेज बारिश और आंधी ने बिजली विभाग के मेंटेनेंस कार्यों की हकीकत उजागर कर दी। पिछले कई महीनों से हर रविवार को विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली आपूर्ति बंद रखी जा रही थी, लेकिन पहली ही बारिश में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे विभाग के दावों पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग नियमित रूप से मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती करता रहा, लेकिन इसके बावजूद मामूली बारिश और तेज हवा में ही तार टूटने, फॉल्ट आने और ट्रिपिंग की घटनाएं सामने आ गईं। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नागरिकों का आरोप है कि यदि वास्तव में बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों का सही ढंग से रखरखाव किया गया होता तो पहली बारिश में ही व्यवस्था चरमराती नहीं। विभाग हर बार मेंटेनेंस का हवाला देकर बिजली बंद करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका असर दिखाई नहीं देता। बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई। घरों, दुकानों और छोटे व्यवसायों में कामकाज प्रभावित रहा। लोगों का कहना है कि विभाग को केवल कागजी मेंटेनेंस करने के बजाय वास्तविक रूप से कमजोर लाइनों और उपकरणों को दुरुस्त करना चाहिए। पहली ही बारिश में सामने आई समस्याओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर महीनों से चल रहे मेंटेनेंस कार्यों पर कितना अमल हुआ और उन पर खर्च होने वाली राशि का लाभ उपभोक्ताओं को क्यों नहीं मिल पा रहा है। अब नागरिक विभाग से जवाबदेही तय करने और बारिश के मौसम से पहले बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग कर रहे हैं।

0 Views
What do you think?

प्रशांत शर्मा

संपादक ANOKHATEER.COM मध्यप्रदेश शासन द्वारा अधिमान्यता प्राप्त हरदा जिले के सबसे युवा पत्रकार है जो लगातार 12 वर्षो से पत्रकारिता से जुड़े हर विभाग में अपनी सेवाए देते आ रहे है।

All posts by प्रशांत शर्मा (135)

Leave a Reply