Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

जिले में कहीं भी पेयजल की दिक्कत न हो

2 min read
Text Size:

-टिमरनी में बस स्टैंड पर बस नहीं रुकने पर होगा जुर्माना

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा है कि जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और किसी भी स्थान पर पेयजल की समस्या न हो। इसके साथ ही पेयजल की शुद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को पेयजल योजनाओं का संधारण दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि वर्षा पूर्व जल संरक्षण के इंतजामों के लिए अभी से प्रयास किए जाएं। जिले में अधिक से अधिक रूफ वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों द्वारा 15 दिवस के भीतर किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में टिमरनी में सवारी बसों के बस स्टैंड पर नहीं रुकने संबंधी शिकायत मिलने पर जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी बसों का बस स्टैंड पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर जुर्माना लगाया जाए। विद्या आसन एवं पोषण प्रहरी अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने दोनों अभियानों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को भी कहा। बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों तथा जनगणना कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी हरदा ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई द्वारा 1 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन की निर्माण गुणवत्ता खराब होने के कारण भवन एक वर्ष में ही अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो गया है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित एजेंसी को ठेकेदार से भवन की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय एवं रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
———————-

0 Views
What do you think?

Leave a Reply