अनोखा तीर, हरदा। हरदा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने का प्रयास किया। बदमाश सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल पर बात करने का नाटक कर रहे थे। हालांकि, महिला की सतर्कता के चलते वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और खाली हाथ भाग निकले। घटना जैसानी चौक के पास की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 10 निवासी हीरामणि गोयल गुरुवार रात अपनी सहेली सपना पालीवाल के साथ प्रताप टॉकीज के पास स्थित भगवान पंडरीनाथ मंदिर गई थीं। रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों वहां से दर्शन कर पैदल घर लौट रही थीं। जब वे जैसानी चौक के पास भाजपा पार्षद अंजना पाराशर के घर के सामने से गुजर रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की। बदमाशों ने रास्ते में अपनी बाइक रोक रखी थी और वे मोबाइल पर बात करने का दिखावा कर रहे थे। जैसे ही दोनों महिलाएं उनके करीब से गुजरीं, एक आरोपी ने हीरामणि गोयल के गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। महिला तुरंत अलर्ट हो गईं और अपना बचाव किया, जिससे बदमाश घबराकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बाइक चला रहे युवक ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था और सफेद शर्ट पहनी थी। वहीं, पीछे बैठे युवक ने लाल रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी।
तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सिविल लाइन थाना टीआई आर.एस. तिवारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में दोनों बाइक सवार महिला के गले से चेन छीनने का प्रयास करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। आरोपियों के पास होंडा शाइन बाइक थी, जिसकी नंबर प्लेट जानबूझकर मोड़ दी गई थी ताकि गाड़ी की पहचान न हो सके। पुलिस सरगर्मी से दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
—————-

