Skip to content
Thursday, 22 October 2026
हरदा

ट्रेन के गेट पर रील बना रहे युवक की गिरकर मौत

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले में शुक्रवार सुबह मुंबई-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर चलती ट्रेन से गिरने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा भिरंगी रेलवे स्टेशन के पास हुआ। बताया जा रहा है कि युवक ट्रेन के गेट पर बैठकर रील बना रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बिहार के आरा जिले के कोईलोबर निवासी अर्जुन पिता अशोक व्यास पुणे की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। कंपनी में काम बंद होने के कारण वह अपने चचेरे भाई सन्नी शर्मा और अरविंद कुमार के साथ गांव लौट रहा था। यात्रा के दौरान अर्जुन ट्रेन के गेट पर बैठकर एक अन्य युवक के साथ रील बना रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। इसके बाद अर्जुन के शव को ट्रेन क्रमांक 01449 दानापुर स्पेशल फेयर एक्सप्रेस से हरदा रेलवे स्टेशन लाया गया। यहां से डायल-112 की सहायता से शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। बताया गया है कि अर्जुन अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के हरदा पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
——-

16 Views
What do you think?

Leave a Reply