अनोखा तीर, हरदा। इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) मध्य प्रदेश शाखा द्वारा 30 एवं 31 मई को सभी सदस्य दंत चिकित्सकों से मरीजों की निशुल्क प्री-कैंसर स्क्रीनिंग एवं तंबाखू सेवन छोड़ने के लिए काउंसलिंग करने की अपील की गई है। आईडीए हरदा शाखा की अध्यक्ष डॉ. मेधा भुस्कुटे ने बताया कि इस योजना को हरदा जिले के सभी सदस्य दंत चिकित्सक अपने निजी डेंटल क्लीनिक एवं अस्पतालों में लागू करेंगे। विश्व तंबाखू निषेध दिवस 31 मई के अवसर पर आईडीए हरदा शाखा द्वारा विशेष ऑनलाइन ट्रेन द ट्रेनर कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है। कार्यक्रम का विषय ब्लूप्रिंट फॉर चेंज कंडक्टिंग इम्पैक्टफुल स्कूल टोबैको अवेयरनेस प्रोग्राम्स रखा गया है, जिसमें विद्यालयों में प्रभावी तंबाखू विरोधी अभियान संचालित करने के तरीकों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम की रिसोर्स पर्सन शासकीय दंत महाविद्यालय एवं चिकित्सालय नागपुर की जनस्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. नूपुर कोंकणे रहेंगी। तंबाखू निषेध एवं तंबाखू मुक्ति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्य हैं तथा उनके नाम तंबाखू निरोधक विषयों पर तीन पेटेंट और 15 कॉपीराइट दर्ज हैं। आईडीए हरदा शाखा का उद्देश्य जिले के दंत चिकित्सकों को इस प्रकार प्रशिक्षित करना है कि वे जुलाई से दिसंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार तीन से चार दंत चिकित्सकों के समूह में जिले के विभिन्न विद्यालयों में जाकर तंबाखू जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर सकें। इस पहल का लक्ष्य हरदा जिले के प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचकर विद्यार्थियों को तंबाखू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। हरदा जिले में तंबाखू जनित कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए आईडीए हरदा शाखा ने तंबाखू मुक्त हरदा का संकल्प लिया है। संस्था का मानना है कि इस अभियान से भविष्य में स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में मदद मिलेगी। अत्यधिक तापमान वृद्धि एवं प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया जा रहा है, ताकि अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके और संसाधनों का समुचित उपयोग हो। आईडीए हरदा शाखा के सचिव डॉ. विपुल बांगड़ एवं कोषाध्यक्ष डॉ. आदर्श भारद्वाज ने जिले के सभी दंत चिकित्सकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया है।
—————-

