-किसानों को दिए गए समन वापस लेने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने जिला प्रशासन पर किसानों के साथ तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को गेहूं का एक-एक दाना खरीदने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन हरदा जिले में करीब 10 हजार किसान अपनी उपज बेचने से वंचित रह गए। उन्होंने कहा कि किसान 10-10 दिन तक खरीदी केंद्रों पर ट्रालियां खड़ी कर रतजगा करते रहे, लेकिन प्रशासन ने उनकी कोई सुध नहीं ली। सरकार ने 9 मई को स्लॉट बुकिंग बंद कर दी, जिसके बाद परेशान किसान अपनी ट्रालियां लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। मोहन सांई ने आरोप लगाया कि जनसुनवाई आम जनता, गरीबों और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू की गई थी, लेकिन यहां किसानों को समन जारी कर 29 मई को तहसील कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनुपस्थित रहने पर गिरफ्तारी वारंट जारी करने की चेतावनी भी दी गई है। उन्होंने कहा कि जब जिला कलेक्टर से चर्चा के बाद किसानों ने अपना धरना स्थगित कर दिया था, तब इस प्रकार के समन जारी करने की आवश्यकता नहीं थी। जिला कांग्रेस ने प्रशासन से तत्काल किसानों को जारी किए गए समन वापस लेने की मांग की है। मोहन सांई ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है, कोई चोर नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को दिए गए समन वापस नहीं लिए गए तो कांग्रेस आंदोलन करेगी और कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
———–

