अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उपस्थित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजलि जोसेफ, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय एवं रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में ग्राम चारखेड़ा के ग्रामीणों ने हरदा-नर्मदापुरम रोड के नीचे क्रॉस हुई एल.टी. लाइन के वायर बदलवाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर महाप्रबंधक विद्युत वितरण कम्पनी को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए। पाठक कॉलोनी निवासी सावित्री बाई ने अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की, जिस पर महाप्रबंधक विद्युत वितरण कम्पनी को आवेदिका की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम बालागांव के वार्ड क्र.15 एवं 16 के निवासियों ने जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए आवेदन दिया, जिस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में ग्राम रोलगांव निवासी सोनू लुनिया ने पीएम आवास योजना की द्वितीय किश्त की राशि प्राप्त न होने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए। ग्राम शमशाबाद निवासी बलराम राजपूत ने गेहूं उपार्जन की राशि प्राप्त न होने की शिकायत की, जिस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
———————-

