Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

आदिवासियों की जमीन घोटाले में कार्रवाई नहीं, जयस संगठन में आक्रोश

2 min read
Text Size:

-दोषी पटवारी और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। हंडिया तहसील में आदिवासियों की जमीन फर्जी तरीके से दबंग किसानों के नाम किए जाने के मामले में दो साल बीत जाने के बाद भी दोषी पटवारियों और कर्मचारियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आदिवासी समाज और जयस संगठन में भारी आक्रोश है। इसी को लेकर जयस संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि हंडिया तहसील के छह पटवारियों पर आरोप है कि उन्होंने मिलीभगत कर आदिवासियों की जमीन दबंग किसानों के नाम दर्ज कर दी थी। मामले की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर सभी संबंधित पटवारियों को आरोपी बनाया था। लंबे समय तक फरार रहने के बाद सभी आरोपी पटवारी रहस्यमयी तरीके से जमानत लेने में सफल हो गए। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण आज तक दोषी कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई नहीं की गई। वहीं निलंबित आरोपी कर्मचारी बिना कार्य किए 90 प्रतिशत वेतन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में कर्मचारियों की कमी के कारण राजस्व और अन्य प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। जयस संगठन ने आरोप लगाया कि दोषी कर्मचारियों को बचाने के लिए जानबूझकर मामले को लंबा खींचा जा रहा है। संगठन ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पटवारी और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आदिवासी समाज को न्याय मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।
—————————–

14 Views
What do you think?

Leave a Reply