अनोखा तीर, हरदा। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कलेक्टर सिद्धार्थ जैन से मुलाकात की। इस दौरान गेहूं खरीदी में आ रही समस्याओं और मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग पर चर्चा हुई। कलेक्टर जैन ने बताया कि गेहूं खरीदी की सतत निगरानी की जा रही है। स्लॉट बुकिंग की समस्या को लेकर प्रदेश सरकार को पत्र भेजा गया है। भरे हुए वेयरहाउस की जगह नए वेयरहाउस आवंटित किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तुलाई में मजदूरों की कमी मुख्य समस्या है, इसलिए भविष्य में उन्हीं वेयरहाउस को प्राथमिकता दी जाएगी जिनके पास कन्वेयर बेल्ट की सुविधा होगी।
मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग
किसान संघ ने समर्थन मूल्य पर मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग की। इस पर कलेक्टर ने बताया कि शासन अभी 25 प्रतिशत खरीदी के पक्ष में है। भारतीय किसान संघ ने किसानों से गेहूं खरीदी के बाद मूंग खरीदी की मात्रा बढ़वाने पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। संघ ने चेतावनी दी कि यदि 100 प्रतिशत मूंग की खरीदी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस मुलाकात के दौरान भारतीय किसान संघ ने गुराडखेड़ा में 132केवी पावर स्टेशन शुरू होने पर कलेक्टर का आभार भी व्यक्त किया। संघ 2010 से इस पावर स्टेशन की मांग कर रहा था, खिरकिया और सुल्तानपुर में भी ऐसे पावर स्टेशन की मांग सफल रही। टिमरनी और रहटगांव क्षेत्र में वोल्टेज रेगुलेशन 52 प्रतिशत तक आ रहा था, जिससे किसानों को परेशानी हो रही थी। किसान संघ ने इस पावर स्टेशन के लिए जमीन भी उपलब्ध कराई थी। अब इस पावर स्टेशन से टेमागांव सबस्टेशन को बिजली आपूर्ति शुरू हो गई है। शीघ्र ही पोखरनी, टिमरनी और रहटगांव सबस्टेशन में भी आपूर्ति चालू हो जाएगी। भारतीय किसान संघ की जिला बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति बनाई गई। इस बैठक में प्रदेश मंत्री योगेंद्र भांभू, प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेंद्र दोगने, जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, संभागीय अध्यक्ष विनोद पाटिल सहित बृजमोहन राठौर, आनंदराम किरार, हरिशंकर सारण, विजय मलगाया, राजेंद्र बांके, लोकेश गौर, श्याम पाटिल, दीपचंद नवाद, राजनारायण गौर, कैलाश जलावड़ा, नारायण मातमा, शिवदान सिंह राजपूत, विजेश मुकाती, विनय यादव और जितेंद्र शर्मा जैसे प्रमुख पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
—————————-

