Skip to content
Monday, 19 October 2026
हरदा

भोपाल-इंदौर फोरलेन से हरदा तक सड़क निर्माण प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने की मांग पर भोपाल-इंदौर फोरलेन सड़क मार्ग से सीहोर-इछावर-नसरुल्लागंज होते हुए हरदा तक फोरलेन सड़क निर्माण प्रस्ताव पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने क्षेत्र की जनता की सुविधा एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर भोपाल-इंदौर फोरलेन सड़क मार्ग से सीहोर-इछावर-नसरुल्लागंज होते हुए हरदा तक फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य कराए जाने की मांग की थी। पत्र में विधायक डॉ. दोगने ने उल्लेख किया था कि उक्त सड़क मार्ग क्षेत्रीय आवागमन, व्यापारिक गतिविधियों एवं ग्रामीण संपर्क की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में सड़क की स्थिति कई स्थानों पर जर्जर होने के कारण आमजन, किसानों एवं व्यापारियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री एवं मालवाहक वाहनों का आवागमन होने से यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि यदि भोपाल-इंदौर फोरलेन सड़क मार्ग से सीहोर-इछावर-नसरुल्लागंज होते हुए हरदा तक फोरलेन सड़क मार्ग का निर्माण किया जाता है तो यह मध्यप्रदेश के मालवा एवं नर्मदांचल क्षेत्र के बीच एक महत्वपूर्ण लिंक कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा। इससे भोपाल, इंदौर सहित दक्षिण भारत एवं महाराष्ट्र की ओर आवागमन अधिक सुगम होगा तथा व्यापार, कृषि परिवहन, औद्योगिक गतिविधियों एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के पत्र के जवाब में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि उक्त पत्र संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दिया गया है। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने कहा कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से यह महत्वपूर्ण मांग रही है तथा सड़क निर्माण होने से हरदा जिले सहित आसपास के क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा।
—————————–

6 Views
What do you think?

Leave a Reply