खंडवा के इमलीपुरा क्षेत्र में नकली घी फैक्ट्री पर छापा

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-पशु चर्बी से बनाया जा रहा था घी, भारी मात्रा में जप्त
– मवेशियों की खाल-सींग भी बरामद
अनोखा तीर, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित नकली घी फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 3,350 लीटर घी बरामद किया है। यह घी 69 टीन के डिब्बों और 9 ड्रमों में भरा मिला, जिसमें पशुओं की चर्बी मिलाने की आशंका जताई जा रही है। इमलीपुरा स्थित बेगम पार्क के पास संचालित इस फैक्ट्री पर सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के नेतृत्व में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में पशुओं की चर्बी, खाल और सींग बरामद हुए। जब्त सामग्री को नगर निगम के ट्रकों के माध्यम से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके से अनवर पिता बिस्मिल्लाह कुरैशी और शकील पिता इस्माइल कुरैशी को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री वर्ष 2015 से संचालित हो रही थी और यहां तैयार घी को बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। प्रशासन ने घी और अन्य अवशेषों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घी किन पशुओं की चर्बी से तैयार किया गया था। यह कार्रवाई स्थानीय रहवासियों की शिकायत पर की गई। लोगों का कहना है कि फैक्ट्री से उठने वाली दुर्गंध के कारण क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही थीं। वहीं, कुछ लोगों ने पशुओं के अवैध वध की आशंका भी जताई है, जिसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन के अनुसार मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जीएसटी, खाद्य सुरक्षा और पशुपालन विभाग भी जांच में जुटे हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

2 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!