Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

विधायक ने की अधूरी बायपास सड़क को लेकर कार्रवाई की मांग

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने आयुक्त नर्मदापुरम संभाग नर्मदापुरम एवं हरदा कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर अजनाल नदी पुल से जुड़ी बायपास सड़क के अधूरे निर्माण कार्य में हो रही देरी पर चिंता जताई है। उन्होंने कार्य में विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को अतिशीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि हरदा जिले में नर्मदापुरम एवं बैतूल की ओर से आने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना खंडवा रोड तक पहुंचाने के उद्देश्य से रेलवे डबल फाटक से लेकर मगरधा मार्ग तक लगभग 4.50 किलोमीटर लंबी बायपास सड़क का निर्माण करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। निर्माण एजेंसियों द्वारा टिमरन नदी एवं अजनाल नदी पर पुलों का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन इन पुलों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी, विशेष रूप से अजनाल नदी पुल के आगे की लगभग 1.5 किलोमीटर सड़क पिछले दो वर्षों से अधूरी पड़ी है। पुल के सामने की सड़क भी अब तक पूरी नहीं हो सकी है, जिससे पूरी योजना का उद्देश्य अधूरा रह गया है और वाहनों को अब भी रेलवे डबल फाटक पार कर शहर के भीतर से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे यातायात का दबाव बढ़ रहा है और आमजन को परेशानी हो रही है। वहीं, अजनाल नदी पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड अधूरी होने के कारण मोटरसाइकिल चालकों और ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में यह भी बताया गया है कि सड़क निर्माण के लिए कुछ किसानों की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया लंबित है तथा प्रस्ताव शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजा गया है, जिससे कार्य में और विलंब हो रहा है। साथ ही निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य की गति अत्यंत धीमी होना भी सामने आया है, जो चिंताजनक है। इन परिस्थितियों को देखते हुए विधायक ने उच्च स्तरीय जांच कराने, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय करने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने, लंबित भूमि अधिग्रहण एवं स्वीकृति प्रक्रियाओं को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा सड़क एवं एप्रोच मार्ग का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और बायपास योजना का उद्देश्य सफल हो सके।

24 Views
What do you think?

Leave a Reply