Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

जांच के नाम पर वनरक्षक से मारपीट का आरोप

3 min read
Text Size:

-सागौन कटाई में विभाग के ही कर्मचारी घेरे में
-एसडीओ पर डंडे व करंट लगाने का आरोप
-पुलिस ने मेडिकल कर जांच शुरू की, एसडीओ ने आरोपों को नकारा
अनोखा तीर, सिवनी मालवा। बानापुरा रेंज में वन माफिया ने फिर बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। खोरा सर्किल में अमले की कथित लापरवाही का फायदा उठाकर लगभग दो सैकड़ा सागौन के पेड़ काट डाले गए। ठूंठों का मंजर देखकर मौके पर पहुंचे अफसरों के भी हाथ-पैर फूल गए। मामला उजागर होते ही विभाग में हड़कंप मच गया। एसडीओ अनिल विश्वकर्मा और वन परिक्षेत्र अधिकारी ज्ञान सिंह पवार ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान शक की सुई खोरा बीट से सटी सुखतवा सर्किल की चिचवानी बीट के दो चौकीदारों डोरीलाल और रामचरण के साथ-साथ सुखतवा सर्किल में पदस्थ दो नाकेदारों पर टिक गई। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार शाम दोनों चौकीदारों को पूछताछ के लिए ले जाया गया, और इस दौरान उनके साथ मारपीट की बात भी सामने आई।
थाने पहुंचा मामला
बुधवार शाम सुखतवा सर्किल के नाकेदार महिपाल यादव और रूपेश साहू को बानापुरा रेंज कार्यालय बुलाया गया। महिपाल यादव का आरोप है कि पूछताछ के दौरान एसडीओ अनिल विश्वकर्मा ने उनके साथ डंडे से मारपीट की और करंट लगाने जैसी ज्यादती की। घटना के बाद महिपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और सिवनी मालवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि आवेदन के आधार पर फरियादी महिपाल यादव का मेडिकल कराया गया है और जांच जारी है; जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एसडीओ का पक्ष
एसडीओ अनिल विश्वकर्मा ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि नाकेदार अपनी कथित संलिप्तता से बचने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं, उनके साथ कोई मारपीट नहीं की गई, केवल मामूली पूछताछ हुई थी।
‘बागड़  ही खा रही खेतÓ के आरोप
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि विभागीय मिलीभगत के आरोप नए नहीं हैं। हाल ही में ग्राम ढाडीवाड़ा में पकड़े गए अवैध कारखाने के मामले में भी वन विभाग पर हल्की धाराओं में कार्रवाई कर आरोपी को केवल जुर्माना कर छोड़ देने और मौके से जब्त मशीनें व करीब 5 घन मीटर लकड़ी का पता न चलने के आरोप लगे थे। इस पृष्ठभूमि ने मौजूदा घटना को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़े पैमाने पर सागौन कटाई के खुलासे के बाद विभाग ने अपने ही कर्मचारियों पर शक जताया, पूछताछ के दौरान मारपीट के गंभीर आरोप लगे, पुलिस ने मेडिकल के साथ जांच शुरू कर दी है जबकि एसडीओ ने आरोपों को नकारा है।

74 Views
What do you think?

Leave a Reply