Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

विकराल तूफान का कहर

2 min read
Text Size:

-आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, पुलिस थाने में एसआई की कार पर गिरा पेड़  
पवन उपाध्याय, कांटाफोड़। गुरुवार की देर रात अचानक बदले मौसम ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा और आंधी-तूफान ने पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मचाते हुए जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा, जिनकी मेहनत पर पानी फिर गया। खेतों में तैयार खड़ी लहसुन और प्याज की फसल तेज हवाओं और बारिश की मार से फसले प्रभावित हो गई,  तेज आंधी इतनी भयंकर थी कि कई बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर धराशायी हो गए। वहीं कई मकानों और दुकानों के टीन शेड हवा के साथ उड़ते हुए आसमान में नजर आए। हालात इतने भयावह थे कि बाद में जब इन टीन शेड की तलाश की गई तो वे एक से दो किलोमीटर दूर खेतों में गिरे हुए मिले।
थाना परिसर में खड़ी कार पर पेड़ गिरा
यह तबाही यहीं नहीं थमी, कांटाफोड़ थाना परिसर में लगा एक विशाल पेड़ तेज हवा के कारण टूटकर बिजली के खंभे पर गिर गया, जिससे तत्काल शॉर्ट सर्किट हो गया। इस हादसे में थाना परिसर में खड़ी एसआई विनयसिंह बघेल की टाटा नेक्सोन कार भी पेड़ की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शॉर्ट सर्किट की वजह से कांटाफोड़ थाने के कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खराब हो गए, जिससे थाने के दैनिक और आवश्यक कार्यों में बाधा उत्पन्न हो गई। अचानक आई इस आपदा ने प्रशासन और आमजन दोनों के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की तेज आंधी-तूफान ने लंबे समय बाद इतना भयावह रूप देखा है।

40 Views
What do you think?

Leave a Reply