Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मलबे की नीलामी

2 min read
Text Size:

-16.21 लाख में बिका, 19 लोगों ने लगाई बोलियां
अनोखा तीर, हरदा। हरदा के ग्राम बैरागढ़ स्थित पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के मलबे की नीलामी गुरुवार को तहसील कार्यालय में पूरी हुई। लगभग दो साल बाद हुई इस प्रक्रिया में मोहम्मद शकील ने 16 लाख 21 हजार रुपए की सबसे ऊंची बोली लगाकर मलबा खरीदा। नीलामी में 19 बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया। बोली की शुरुआत 5 लाख रुपए से हुई थी, जो प्रतिस्पर्धा के कारण बढ़ते हुए 16.21 लाख रुपए पर जाकर रुकी। इस मलबे में जली हुई गाड़ियां मकानों के अवशेष, ईंट पत्थर लोहा शामिल है। प्रशासन ने इस नीलामी के लिए 10 लाख रुपए का बेस प्राइस निर्धारित किया था, जिसे अंतिम बोली ने काफी ऊपर पार किया।
ब्लास्ट में 13 लोगों की गई थी जान
उल्लेखनीय है कि 6 फरवरी 2024 को बैरागढ़ की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ था। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। घटना के बाद से ही घटनास्थल पर मलबा पड़ा हुआ था, जिसे हटाने की मांग लगातार उठ रही थी। तहसीलदार राजेंद्र पंवार ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप पूरी की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि नीलामी पूर्ण होने के बाद जल्द ही घटनास्थल से मलबा हटाया जाएगा। इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी गंदगी, अव्यवस्था और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान होने की उम्मीद है। इधर ब्लास्ट पीड़ितों का कहना है कि दो सालों से रोज मलबे को देखकर उन्हें हादसे वाले दिन का मंजर याद आता था। अब मलबा हटने से उनके घरों के ट्यूबवेलों से आने वाले दूषित पानी और मलबे की बदबू से राहत मिलेगी। पीड़ितों ने जल्द से जल्द मलबा हटाने की मांग की है। कई पीड़ित जो हादसे के बाद किराए के मकानों में रह रहे थे, अब अपने जर्जर मकानों की मरम्मत कराकर वापस लौट आए हैं। बताया जा रहा है कि नीलामी से प्राप्त राशि को प्रशासन पीड़ित परिवारों को दी जाने वाली राहत राशि के रूप में प्रदान करेगा।

23 Views
What do you think?

Leave a Reply