Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

विधायक ने शासकीय उ.मा.वि. मगरधा में विकास कार्यों का किया लोकार्पण

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा विधायक निधि वर्ष 2025-26 की राशि से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मगरधा में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का गुरुवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। विधायक निधि की 6 लाख रुपये की राशि से विद्यालय में आवश्यक अधोसंरचना एवं सुविधा विकास से जुड़े कार्य पूर्ण कराए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं सुविधाएं मिलेंगी। विद्यालय को मिली इस सौगात के लिए शाला परिवार द्वारा विधायक डॉ. दोगने के सम्मान में परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वप्रथम विधायक डॉ. दोगने ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली के छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर प्रवेश दिलाया गया तथा कक्षा छठवीं एवं नौवीं में प्रवेशित विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिल एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। इसके पश्चात विधायक डॉ. दोगने ने उपस्थित अतिथियों के साथ शाला परिसर में किए गए विकास कार्यों का शिलान्यास किया। शाला के प्राचार्य माखनलाल झिंझौरे ने विधायक का पुष्पमाला पहनाकर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास कार्य उनकी प्राथमिकता है। विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से छात्रों के सर्वांगीण विकास को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी ताकत है और उनका संकल्प है कि हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण मिले। क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय को आदर्श विद्यालय बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है, ताकि बच्चे भविष्य में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। कार्यक्रम का संचालन शाला के शिक्षक विजेंद्र परमार एवं मुकेश इवने द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा, संजय जैन, राकेश सूरमा, राघवेन्द्र पारे, शैतान सिंह राजपूत, माखन गौर, प्राचार्य, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विकास कार्यों के लिए विधायक डॉ. दोगने का आभार व्यक्त किया।

62 Views
What do you think?

Leave a Reply