Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

खरीफ ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा किसानों के हितों को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर खरीफ ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की मांग की गई है। प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि किसान प्रतिवर्ष कृषि कार्य हेतु जिला सहकारी बैंकों से ऋण लेते हैं, जो शासन द्वारा शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाता है। वर्ष 2025-26 के लिए उक्त ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च 26 निर्धारित की गई है। वर्तमान परिस्थितियों में गेहूं उपार्जन प्रक्रिया 01 अपै्रल 26 से प्रारंभ होना तय है, जिसके कारण अधिकांश किसान अभी तक अपनी उपज का विक्रय नहीं कर पाए हैं। विशेषकर छोटे एवं सीमांत कृषक फसल विक्रय के उपरांत ही ऋण चुकाने में सक्षम होते हैं। ऐसी स्थिति में निर्धारित तिथि तक ऋण जमा न हो पाने के कारण बड़ी संख्या में किसानों के डिफॉल्टर घोषित होने की संभावना बन रही है। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, बल्कि भविष्य में सहकारी संस्थाओं से ऋण प्राप्त करने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। पत्र में मांग की गई है कि विषय की गंभीरता एवं किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए खरीफ ऋण जमा करने की अंतिम तिथि में संशोधन कर इसे बढ़ाकर 20 मई 26 किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

87 Views
What do you think?

Leave a Reply