अनोखा तीर, मसनगांव। क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 10.30 बजे तेज हवा, आंधी और गरज-चमक के साथ हुई हल्की बारिश ने रबी सीजन की फसल कटाई का कार्य रोक दिया। सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के बीच किसानों ने फसल कटाई में तेजी लाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद कार्य पूरा नहीं हो सका। रात में हुई बारिश से खेतों में खड़ी फसल भीग गई, वहीं खलिहान में रखी उपज और भूसे के ढेरों को तिरपाल से ढंकना पड़ा। मौसम खराब होने के कारण गांव में चल रहा गणगौर उत्सव भी प्रभावित हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि बारिश हल्की होकर थम गई, अन्यथा चना और गेहूं की फसलों को नुकसान हो सकता था।
33 केवी लाइन में फाल्ट से बिजली आपूर्ति बाधित
रात में तेज हवा और आंधी के कारण 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे बहाल हो सकी। इस दौरान ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी। गर्मी के मौसम में पंखे-कूलर बंद रहने से लोग परेशान रहे। दोपहर में बिजली आने के बाद शाम 6 बजे फिर से आपूर्ति बंद हो गई, जो रात 7.30 बजे तक भी बहाल नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी द्वारा निर्धारित समय पर बिजली दिए जाने के बावजूद बार-बार फाल्ट आने से आपूर्ति बाधित हो रही है। ट्रिपिंग की समस्या के कारण मोटर पंप भी ठीक से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी सुनील टाडोले के अनुसार, रात में 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से सुबह तक बिजली बंद रही। बाद में फाल्ट सुधारने के बावजूद काकरिया सब स्टेशन के ट्रांसफार्मर ने लोड नहीं लिया, जिसके कारण आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। हरदा से टीम आने के बाद सुधार कार्य पूरा हुआ और दोपहर 2.30 बजे बिजली चालू की गई, लेकिन शाम के समय फिर से आपूर्ति बाधित हो गई।
रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ा असर
बिजली बंद रहने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हुए। सुबह पानी के लिए लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा, वहीं खेतों में चल रही मोटर बंद होने से सिंचाई कार्य भी प्रभावित हुआ। लगातार बिजली कटौती और फाल्ट की समस्या से किसान और ग्रामीण दोनों ही परेशान नजर आए।
Views Today: 20
Total Views: 20

