-श्रद्धांजलि व सम्मान समारोह आयोजित
अनोखा तीर, हरदा। जमना जैसानी फाउंडेशन के तत्वावधान में लोकतंत्र सेनानी, क्रांतिकारी नेता एवं वरिष्ठ पत्रकार स्व. जमना प्रसाद जैसानी की पुण्य स्मृति में जैसानी चौक पर भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थितजनों ने मोमबत्ती जलाकर एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं जैसानी जी अमर रहें के नारों के साथ हुई। फाउंडेशन के सदस्य अनिल वैद्य ने बताया कि गत 15 वर्षों से फाउंडेशन द्वारा निरंतर उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है, जो समाज के प्रति उनके योगदान को जीवंत बनाए हुए है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार महेश कौशिक, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. श्रीरंग मजूमदार, प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल, नंदवाना समाज अध्यक्ष वीरेंद्र नंदवाना, पार्षद मनोज महलवार, आउटसोर्स जिला अध्यक्ष वीरेंद्र भाटी, समाजसेवी राजेंद्र भावसार, संरक्षक चंद्रकांत शुक्ला एवं सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष सुनील तिवारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ पत्रकार महेश कौशिक ने स्व. जैसानी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपनी लेखनी से भी क्रांति का कार्य किया और वे अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी थे। डॉ. श्रीरंग मजूमदार ने कहा कि स्व. जैसानी सदैव गरीब एवं शोषित वर्ग की मदद के लिए तत्पर रहते थे और आज उनके पुत्र उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। डॉ. विशाल सिंह बघेल ने कहा कि क्रांतिकारी विचार किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं होते, बल्कि वह एक विचारधारा होती है, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। बचपन के मित्र राजेंद्र भावसार ने बताया कि स्व. जैसानी बचपन से ही क्रांतिकारी विचारों के थे और वे भगत सिंह एवं स्वामी विवेकानंद की विचारधारा से प्रेरित थे। इस अवसर पर जमना जैसानी फाउंडेशन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें राहुल संतोष यादव भीलट बाबा गणगौर मंडल, रोलगांव, कला संवाद फाउंडेशन की टीम, अजय पुरवइया यू यूनाइटेड फुटबॉल क्लब, नितेश रनिंग फिटनेस अकादमी, सौरभ काशिव एवं टीम डिवाइन कम्प्यूटर अकादमी, कपिल दुबे नेशनल कैडेट कोर, सत्येंद्र परिहार राष्ट्रीय सेवा योजना, गौ एवं गौशाला उत्थान संघ हरदा के अनिल गीते, हैंडबॉल क्लब हरदा से प्रतीक शर्मा एवं विवेक बादर, सर्व ब्राह्मण समाज हरदा के सदस्य तथा जन अभियान परिषद के राकेश वर्मा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जैसानी चौक स्थित प्रतिमा के समक्ष मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। फाउंडेशन सदस्य अनिल वैद्य ने कहा कि स्व. जमना प्रसाद जैसानी ऐसे व्यक्तित्व थे, जो स्वयं के लिए नहीं, बल्कि समाज और उसके अधिकारों के लिए जीते थे। यही कारण है कि वे आज भी हर वर्ग के दिलों में जीवित हैं।


Views Today: 24
Total Views: 24

