अनोखा तीर, हरदा। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल जयंती आज शहर में श्रद्धा, आस्था एवं उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाई जाएगी। पूरे शहर में उत्सव का माहौल है और समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। इस पावन अवसर पर झूलेलाल मंदिर परिसर में प्रात: 8.30 बजे महाआरती, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता एवं चाय की व्यवस्था रहेगी। प्रात: 11 बजे ‘भोग साहिबÓ का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक विशाल भंडारा (लंगर) आयोजित किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शाम 5 बजे शहर में भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभायात्रा में झांकियां, भजन मंडलियां एवं धार्मिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रात्रि 8 बजे युवाओं द्वारा फ्री व्यंजन मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद श्रद्धालु ले सकेंगे। आयोजन समिति ने बताया कि यह पर्व सामाजिक एकता, भाईचारे एवं सेवा भाव का प्रतीक है। समिति ने सभी समाजजनों एवं शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। साथ ही व्यापारियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाएं और भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद प्राप्त करें।
Views Today: 24
Total Views: 24

