Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

सड़क पर बाइक चढ़ाने के दौरान दुर्घटना के शिकार हो रहे वाहन चालक

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, मसनगांव। नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे पर सड़क और साइड सोल्डर के बीच अधिक अंतर होने के कारण दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। गुरुवार शाम करीब 7.30 बजे मसनगांव से हरदा की ओर जा रहा एक बाइक सवार मक्खन भोग ढाबे के पास साइड देने के दौरान सड़क से नीचे उतर गया। जब वह दोबारा बाइक को सड़क पर चढ़ाने लगा तो संतुलन बिगड़ने से गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय आगे-पीछे से कोई वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। क्षेत्र में इस तरह की स्थिति रोजाना बन रही है। स्टेट हाईवे की सड़क के दोनों ओर साइड सोल्डर नीचे बैठ जाने से कई स्थानों पर सड़क और साइड पट्टी के बीच 6 इंच से लेकर 1 फीट तक का अंतर बन गया है। सड़क निर्माण विभाग द्वारा साइड सोल्डर में मुरम डालने के बजाय समतल करने वाली मशीन से मिट्टी खुरचकर लेवल बना दिया जाता है, जो कुछ दिनों बाद फिर बैठ जाती है। इससे सड़क और साइड सोल्डर के बीच दोबारा अंतर हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण विभाग से सड़क के दोनों ओर साइड सोल्डर में मुरम भराई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दोनों ओर सीसी सड़क का निर्माण किया जाए तो सड़क की चौड़ाई बढ़ सकती है और वाहन चालकों को राहत मिल सकती है, लेकिन विभाग नई सड़क बनने का इंतजार कर रहा है। हरदा से छिपाबाद तक स्टेट हाईवे पर कई स्थानों पर सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है। विभाग द्वारा पैबंद लगाने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन व्यवस्थित मरम्मत न होने के कारण कुछ ही दिनों में गड्ढे फिर उभर आते हैं। इससे दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं चारपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। स्टेट हाईवे की सड़क की चौड़ाई भी वाहनों की संख्या के हिसाब से कम पड़ने लगी है। रात्रि के समय आमने-सामने से वाहन आने पर तेज रोशनी के कारण छोटे वाहन चालक अक्सर सड़क से नीचे उतर जाते हैं। ऐसे में सड़क और साइड पट्टी के बीच अधिक अंतर होने से वाहन को दोबारा सड़क पर चढ़ाने में कठिनाई होती है और कई बार वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। इस समस्या में कई लोग चोटिल हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है।

68 Views
What do you think?

Leave a Reply