रोलगांव-कमताड़ा के बीच गेहूं की फसल में लगी आग

-विधायक ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का लिया जायजा
अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रोलगांव-कमताड़ा के मध्य लगभग 4 से 5 एकड़ गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने तत्काल मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ मिलकर फसल के नुकसान का जायजा लिया। विधायक डॉ. दोगने ने हरदा कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की जानकारी दी और आरआई तथा पटवारी को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर फसल नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिलाए, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा कि आगजनी की इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित किसानों की मदद सुनिश्चित करनी चाहिए। इस दौरान विधायक डॉ. दोगने ने जिला प्रशासन से यह भी निवेदन किया कि फायर ब्रिगेड तथा ग्राम पंचायतों को विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए फायर फाइटर टैंकरों को पूरी तरह सक्रिय और तैयार स्थिति में रखा जाए। उन्होंने किसानों से भी आग्रह किया कि वे अपने खेतों में भूसा न बनाएं और नरवाई न जलाएं, क्योंकि भूसा बनाने व नरवाई जलाने से आग लगने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि कोई भी व्यक्ति भूसा बनाता है या नरवाई जलाता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

72 Views

Leave a Reply