-किसानों के हित में जिला कांग्रेस कमेटी ने उठाई आवाज
अनोखा तीर, हरदा। जिले में रबी सीजन के दौरान मक्के की फसल को पर्याप्त सिंचाई उपलब्ध कराने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी ने नहरों के संचालन की समयावधि 15 मार्च 2026 तक बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि हरदा जिला एक प्रमुख कृषि प्रधान जिला है, जहां वर्तमान सीजन में किसानों द्वारा मक्के की सर्वाधिक बोनी की गई है। मक्के की फसल की प्रकृति एवं बेहतर उत्पादन के लिए कम से कम आठ बार सिंचाई आवश्यक होती है। वर्तमान में फसल पकने की अवस्था में है। ऐसे में यदि नहरों से पानी की आपूर्ति समय से पूर्व बंद कर दी जाती है तो फसलें सूखने का खतरा बढ़ जाएगा, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि नहरों के संचालन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 मार्च की जाए तथा टेल (अंतिम छोर) तक के किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी किसान को सिंचाई से वंचित न रहना पड़े। ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया है कि किसानों की जायज मांग को स्वीकार करते हुए संबंधित विभाग-नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण एवं सिंचाई विभाग को तत्काल निर्देशित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते पानी की अवधि नहीं बढ़ाई गई तो जिला कांग्रेस कमेटी किसानों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
नहरों का संचालन 15 मार्च तक बढ़ाने की मांग

48 Views


